इस्राईल में विपक्षी नेता और नेतन्याहू के चुनावी प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़ेनकोट ने कहा है कि बेंजामिन नेतन्याहू अब प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के योग्य नहीं हैं।
समाचार एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट के अनुसार आइज़ेनकोट ने नेतन्याहू की आर्थिक योजना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की संभावनाओं से निपटने के लिए नेतन्याहू की योजना इस्राईल की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है।
आइज़ेनकोट ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू ने इस्राईली समाज को कमजोर करने और सेना को नुकसान पहुँचाने के बाद अब आने वाली पीढ़ियों की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह नेतन्याहू के बयान से पता चलता है कि उनका वास्तविकता से संपर्क टूट गया है और वे भ्रम की दुनिया में जी रहे हैं। नेतन्याहू ने दावा किया था कि इस्राईल खुद को पूरी तरह वैश्विक वित्तीय व्यवस्था से अलग कर सकता है।
आइज़ेनकोट ने सवाल उठाया कि अगर ऐसा किया गया, तो विदेशी मुद्रा में काम करने वाली इस्राईली कंपनियाँ अपना कारोबार कैसे चलाएँगी और विदेशी निवेश कैसे आकर्षित करेंगी?
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी नीतियों से कंपनियाँ इस्राईल छोड़कर दूसरे देशों में जा सकती हैं।
आपकी टिप्पणी